बरेली। हाल ही में पूरनपुर से विधायकी का चुनाव लड़ने का ताना-बाना बुनने के आरोप को अजितेश के पिता हरीश कुमार ने हवा में उड़ा दिया था, लेकिन अब तुलसी मठ के बुजुर्ग महंत कमल नयन दास ने खुलासा किया है कि करीब 15 दिन पहले हरीश कुमार उनसे यह पूछने आए थे कि वह राजनीति में खुद को कैसे स्थापित कर सकते हैं। महंत के मुताबिक हरीश कुमार ने विधायक बनने की इच्छा जताई थी और उनसे कोई ऐसा धार्मिक अनुष्ठान बताने को कहा था जिससे उनका काम आसानी से बन जाए। हालांकि उन्होंने जब उन्हें शास्त्रों के अनुसार उपासना करने का सुझाव दिया तो वह उन्हें नहीं भाया। महंत कमलनयनदास के मुताबिक हरीश उनसे उपासना के अलावा और कोई ऐसी तरकीब बताने को कहा था जिससे वह एमएलए या एमएलसी बन सकें। इस पर उन्होंने ऐसी कोई तरकीब होने से स्पष्ट मना कर दिया था। उपासना पर वह सहमत नहीं हुए।