बरेली। लॉकडाउन के दूसरे दिन भी सुबह सख्ती करने के बाद मुख्य सड़कों और चौराहों से पुलिस नदारद हो गई। दिन की शुरुआत मुख्य इलाकों में बाहर निकले लोगों से पूछताछ के साथ वाहनों की चेकिंग से हुई लेकिन दोपहर के वक्त नोडल अफसर सहगल के जाते ही सड़कों और चौराहों से पुलिस नदारद होने लगी। मिनी बाईपास, नैनीताल रोड, सिविल लाइंस, सेटेलाइट रोड, स्टेडियम रोड, डीडीपुरम, आईवीआरआई रोड और दूसरे इलाकों अच्छी-खासी भीड़ भी नजर आई। सड़कों पर ट्रैफिक भी बेरोकटोक दौड़ता रहा। मिनी बाईपास पर सुबह सिगरेट-गुटखे के खोखे और तमाम गैरजरूरी दुकानें भी खुली नजर आईं। भीड़ में ज्यादातर लोग बिना मास्क लगाए घूमते नजर आए जिन्हें रोकने टोकने वाला भी कोई नहीं था।