बरेली। जाली नोटों के धंधे में लिप्त तस्करों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम ने शाहजहांपुर में दबिश दी पर आरोपी टायर व्यापारी व उसका बेटा फरार हो गए। टीमें नेपाल बार्डर व उत्तराखंड सीमा से सटे इलाकों में जाएंगी।
नकली नोटों के धंधेबाज शाहजहांपुर निवासी विवेक मौर्य को इज्जत नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। विवेक से पुलिस के साथ ही अन्य जांच एजेंसियों ने पूछताछ की तो उसने नेपाल के करेंसी तस्करों के कई सुराग दिए। इज्जत नगर पुलिस तस्करों पर कार्रवाई की तैयारी में है। एक टीम ने शाहजहांपुर में दबिश दी। पता लगा था कि विवेक के सहयोगी टायर विक्रेता पिता-पुत्र ने वहां ढाबा खोला था। हालांकि सभी ठिकानों पर तलाशी के बाद भी पुलिस दोनों को नहीं पकड़ सकी। अब पुलिस नेपाल बार्डर पर जाकर करेंसी तस्करों की धरपकड़ कर सकती है। पुलिस को अंदेशा है कि आसपास के जिलों में भी नेपाल बार्डर से जाली नोट भेजे जा रहे हैं। आईजी ने भी इस बारे में निर्देश दिए हैं।
मौअज्जम सीबीगंज से जा चुका है जेल
उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा से लाए जाली नोटों के साथ सात तस्करों को पकड़ा था। इनमें बरेली के सीबीगंज के गांव सनइया रानी निवासी मौअज्जम अली व आसिफ अंसारी शामिल हैं। सीबीगंज इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र गौतम ने बताया कि मौअज्जम पिछले साल भी नकली नोटों के मामले में पकड़ा गया था। सीबीगंज पुलिस ने उसे जेल भेजा था।
जाली नोटों के मामले में पुलिस की टीम ने शाहजहांपुर में दबिश दी थी, पर आरोपी पिता-पुत्र नहीं मिले। उनकी तलाश की जा रही है। - देवेंद्र कुमार, एएसपी
अमर उजाला ब्यूरो