रामनगर/गुलड़िया (बरेली)। सिरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में दूसरे समुदाय के युवक का घर फूंकने और पुलिस जीप तोड़ने के मामले में एसएसपी ने इंस्पेक्टर लव सिरोही समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। मामले में दो रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। युवती के पिता ने युवक के खिलाफ बेटी के अपहरण का मामला दर्ज कराया है। वहीं, दूसरी रिपोर्ट पुलिस की ओर से घर फूंकने व पुलिस जीप तोड़ने वालों पर दर्ज की गई है। गांव में पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है।
गांव निवासी युवती दूसरे समुदाय के युवक के साथ चली गई थी। उसे तलाशकर पुलिस ने उसके पिता को सौंप दिया था। आरोपी पुलिस की हिरासत में था। पुलिस की लापरवाही की वजह से शरारती तत्वों ने शुक्रवार रात को आरोपी युवक का घर फूंक दिया था। सूचना पर पीआरवी पहुंची तो उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता कर वाहन में तोड़फोड़ कर दी थी।
शनिवार सुबह एसएसपी अनुराग आर्य ने लापरवाही बरतने के आरोप में इंस्पेक्टर सिरौली लव सिरोही, दरोगा सतवीर सिंह, बीट आरक्षी सुमित और जफर को निलंबित कर दिया। बाद में पता लगा कि सतवीर सिंह 10 दिनों से मेडिकल अवकाश पर हैं तो उनका निलंबन निरस्त कर उनकी जगह काम देख रहे दूसरे दरोगा संजय सिंह को निलंबित कर दिया गया। एसएसपी ने नए इंस्पेक्टर के रूप में रवि कुमार को डीसीआरबी से सिरौली भेजा है।
वर्जन
सिरौली के गांव में आगजनी व पुलिस वाहन तोड़ने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक मामला आरोपी युवक के खिलाफ भी दर्ज हुआ है। इंस्पेक्टर समेत पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने में निलंबित किया है। गांव में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस व पीएसी तैनात की गई है। - अनुराग आर्य, एसएसपी