नवाबगंज। कस्बे के मोहम्मद उमर के बेटे यासीन की याचिका पर कोर्ट ने फर्जी अभिलेखों के आधार पर वसीयत कराए जाने के मामले में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक, यासीन ने पुलिस को बताया कि गांव ईधजागीर स्थित गाटा-838 की भूमि में उसका सहखाता है। आरोप है कि कस्बे की रहमत, मोहम्मद अनस, वासिफ अली, मोहम्मद सुफियान, मोहम्मद फारुक और राशिदा बी ने सगीरा खातून उर्फ सगीर बानो (80) से साजिशन वसीयतनामा तैयार कराया। इसके बाद चार मार्च 2024 को उपनिबंधन कार्यालय नवाबगंज में सांठगांठ कर राशिदा बी के पक्ष में वसीयत नामा पंजीकरण करा लिया, जबकि भूमि पर संबंधित महिला का कोई अधिकारी या कब्जा नहीं था। आरोपियों से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी मिली। शिकायतकर्ता ने पहले 17 अप्रैल 2026 को नवाबगंज थाने और फिर 22 अप्रैल को एसएसपी से शिकायत की। रिपोर्ट दर्ज न होने पर कोर्ट में गुहार लगाई।