फरीदपुर। शाही और सिरौली के बाद अब फरीदपुर में भी एक लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोपी पर पुलिस की रहमदिली का मामला चर्चा में है। दरोगा ने पीड़ित लड़की के परिजन को उसका रिश्ता टूट जाने और कोर्ट के चक्कर काटने का डर दिखाकर उसका दुपट्टा खींचने वाले शोहदे को शांतिभंग की कार्रवाई करके छोड़ दिया। परिजन सख्त कार्रवाई की मांग करते रहे लेकिन उनकी एक नहीं सुनी।
फरीदपुर के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती शनिवार देर शाम अपने पिता के साथ बाइक पर बैठकर मंदिर जा रही थी। पिता ने बीसलपुर रोड पर बाइक रोकी तो वहां खड़ा आरोपी शानू कश्यप युवती का दुपट्टा खींचते हुए उससे छेड़छाड़ करने लगा। इस पर युवती ने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। परिजन ने मामले की तहरीर फरीदपुर थाने में दी तो वहां तैनात एक दरोगा पीड़ित परिवार को बदनामी का डर दिखाने लगा। कहा कि रिपोर्ट दर्ज कराओगे तो युवती को मेडिकल कराने और कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए जाना होगा, जबकि 30 अगस्त को उसकी मंगनी है। ऐसे में रिश्ता टूट सकता है। इसके बाद आरोपी में महज शांतिभंग की कार्रवाई कर दी, जबकि परिजन उसके खिलाफ छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग करते रहे।
इंस्पेक्टर ने बताया है कि पुलिस मौके पर गई थी। लड़की और परिवार के लोग मिले। लड़के के साथ पहले से एक मुकदमा चल रहा है। आरोपी का 151 में चालान कर दिया है। 30 अगस्त को लड़की की मंगनी है। इसलिए परिवार वाले कार्रवाई नहीं चाहते हैं। - गौरव सिंह, सीओ फरीदपुर
छेड़छाड़ के आरोपी को छोड़ने का ठीकरा मंत्री
के सिर फोड़ने वाले थाना प्रभारी लाइन हाजिर
- एसएसपी की नाराजगी के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को किया था गिरफ्तार, जेल भेजा
सिरौली। छेड़छाड़ के आरोपी को छोड़ने का ठीकरा मंत्री के सिर फोड़ने वाले सिरौली थाने के कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय शुक्ला को एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं शनिवार को रिपोर्ट दर्ज करने के बाद गिरफ्तार गए आरोपी का पुलिस ने चालान कर दिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।
बड़ागांव पुलिस चौकी क्षेत्र में एक शोहदे ने कॉलेज की छात्राओं का जीना मुहाल कर रखा था। दहशतजदा छात्राएं एक साथ एकत्र होकर स्कूल आती जाती थीं। बड़ागांव के रहने वाले आरोपी ज्ञान चंद ने शुक्रवार को फिर छेड़खानी की तो छात्राओं के शोर मचाने पर आसपास खेतों पर काम कर रहे लोगों ने उसे पकड़कर बड़ागांव चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। अभिभावकों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने करवाई के बजाय उन्हें ही डरा दिया। कहा कि मुकदमा दर्ज होने पर उनकी बेटियों को भी अदालत के चक्कर काटने पड़ेंगे। इस पर अभिभावक घबरा गए थे और तहरीर नहीं दी थी। शनिवार को अमर उजाला ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया तो एसएसपी ने कार्यवाहक थाना प्रभारी संजय शुक्ला को लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने पुलिस को शोहदे के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। एसएसपी की फटकार के बाद बड़ागांव चौकी प्रभारी सहेंद्र सिंह पीड़ित के घर पहुंचे और तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद रात में ही आरोपी ज्ञान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।