चादर ले जाने को लेकर हुआ था झगड़ा, खुराफातियों की पहचान के लिए जांच शुरू
हाफिजगंज। चादर ले जाने को लेकर दो समुदाय के लोगों के बीच हुए झगड़े के बाद पुलिस ने गांव ढकिया में डेरा डाल लिया है। खुराफातियों की पहचान के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें एक पक्ष ने 16 नामजद समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
शुक्रवार को गांव बढ़ेपुरा के लोग चादर लेकर उर्स में जा रहे थे। तभी ढकिया में पहुंचकर नारेबाजी कर दी, जिस पर दूसरे समुदाय के लोगों ने नई परंपरा डालने को लेकर विरोध जताया। इस पर दोनों समुदाय के लोग भिड़ गए। मौके पर पहुंची पुलिस को देख झगड़ रहे लोग वहां से रफ्फू-चक्कर हो लिए। झगड़े में घायल हुए व्यक्ति को पुलिस ने उपचार के लिए नवाबगंज भेज दिया था। सूचना पर विधायक डा. एमपी आर्या पहुंचे।
इन्होंने थाने में दी तहरीर
ओमशंकर, श्यामाचरन, धनीराम, धर्मवीर, रामचंद्र,अरविन्द, राधेश्याम, मुन्नालाल आदि ने संयुक्त हस्ताक्षर कर थाने पर तहरीर देकर कहा कि पड़ोस के गांव के लोग उनके गांव से नई परंपरा डाल रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो दूसरे पक्ष के लाेगों ने मारपीट की। ईंट-पत्थर से पथराव किया। थाना प्रभारी जगत सिंह ने बताया कि गांव में शांति है। फिर भी बल तैनात किया गया है। संवाद