चोरों से बरामद हुआ 17 लाख रुपये का तार
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में पुलिस ने बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह चोरों को गिरफ्तार किया है। ये चोर पेड़ काटकर खंभे गिरा देते थे। इसके बाद बिजली का तार काट ले जाते थे। गिरोह अब तक कई वारदात को अंजाम दे चुका है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से भारी मात्रा में बिजली तार, उपकरण व अन्य सामान बरामद किया है।
भोजीपुरा थाना पुलिस ने रविवार रात बिजली तार चोरों के गैंग को पकड़ा है। गैंग के चार सदस्य भोजीपुरा थाना क्षेत्र के और दो हाफिजगंज व सीबीगंज क्षेत्र के हैं। इनके पास से करीब 17 लाख रुपये का बिजली तार और उसे काटने के उपकरण व नकदी मिली है।
चोरों ने पिछले दिनों इलाके में कई बिजली लाइन काटने की घटनाओं को करना कबूल किया है। उन्होंने बताया है कि पहले पेड़ों को इस तरह काटते थे कि वह बिजली के तारों या पोल पर गिर जाएं। फिर पोल को झुकाकर बिजली के तारों को काट ले जाते थे। एक लोडर वाहन भी बरामद हुआ है जिसमें भरकर तार बेचने के लिए ले जाते थे।