फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: प्लेटलेट्स... कतार-इंतजार के बाद नोकझोंक तो कहीं हाथापाई

Sun, 15 Oct 2023 01:30 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। ब्लड बैंकों में प्लेटलेट्स के लिए कतार में लंबे इंतजार के बाद अब तीमारदारों का धैर्य जवाब देने लगा है। लिहाजा, कहीं नोकझोंक तो कहीं हाथापाई की नौबत आ रही है। ऐसी स्थिति में अब ब्लड बैंक प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है।
विज्ञापन

शुक्रवार देर शाम एक मरीज के लिए उनके तीमारदार प्लेटलेट्स लेने आईएमए ब्लड बैंक पहुंचे थे। उनसे पहले कई लोग कतार में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे पर वे इसे नजरंदाज कर आगे बढ़ गए। इसे देख अन्य तीमारदारों का पारा चढ़ गया। उन्होंने गार्ड से शिकायत की। सुनवाई न होने से हंगामा होने लगा। वहां मौजूद ब्लड बैंक के कर्मचारियों ने लोगों काे समझाकर शांत कराया। सभी को बारी-बारी से रक्तदाता को साथ लेकर आने और जांच के बाद प्लेटलेट्स मुहैया कराने का आश्वासन दिया।
उधर, जिला अस्पताल में भी प्लेटलेट्स की तंगी शनिवार को भी बरकरार रही। इंचार्ज डॉ. यूवी सिंह के मुताबिक मरीज के लिए प्लेटलेट्स लेने पहुंच रहे लोगों को रक्तदाता साथ लाने का सुझाव दिया गया। जो रक्तदाता लेकर आए उनसे रक्तदान के बाद प्लेटलेट्स बना कर दी गई हैं।
विज्ञापन

क्रम के अनुसार मिलेंगी प्लेटलेट्स
आईएमए ब्लड बैंक की डायरेक्टर डॉ. अंजू उप्पल के मुताबिक प्लेटलेट्स की बढ़ती मांग से अब स्टॉक करना मुमकिन नहीं। जिन्हें प्लेटलेट्स चाहिए, उन्हें रक्तदाता साथ लाना होगा। जो पहले आएगा, क्रमवार उसी अनुसार प्लेटलेट्स मिलेंगी। उन्होंने लोगाें से सहयोग की अपील की है।

आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवाओं का ले रहे सहारा
- विशेषज्ञ के मुताबिक विटामिन सी और बी-12 से भरपूर खाद्य सामग्री का सेवन कारगर

अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। डेंगू की चपेट में आने के बाद प्लेटलेट्स गिरने की आशंका रहती है। प्लेटलेट्स को बरकरार रखने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए लोग होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक चिकित्सकों से संपर्क कर रहे हैं।
राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज के डॉ. संतोष के मुताबिक प्लेटलेट्स रक्त का थक्का बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं। प्लेटलेट्स कम होने पर रक्तस्राव बढ़ना घातक हो सकता है। प्लेटलेट्स अगर घट चुकी हैं और मरीज की हालत खराब है तो प्लेटलेट्स चढ़ाना ही विकल्प है। मगर काउंट कम हो रहा है तो आयुर्वेदिक व प्राकृतिक उपचार से इनको स्थिर रखा जा सकता है। कॉलेज में हर दिन कई लोग प्लेटलेट्स बढ़ाने की जानकारी के लिए पहुंच रहे हैं।

प्लेटलेट्स गिरने का न करें इंतजार
डॉ. संतोष के मुताबिक प्लेटलेट्स गिरने का इंतजार करने के बजाय सामान्य दिनों में भी पपीते के पत्तों का रस, गिलोय, आंवला, व्हीटग्रास, अश्वगंधा, अनार, हल्दी का सेवन करने का सुझाव दिया जा रहा है। इससे प्लेटलेट्स काउंट स्थिर होने के साथ तेजी से सुधरता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ती है। लौकी, चुकंदर, टमाटर का मिश्रित सूप रोज पीने से भी प्लेटलेट्स काउंट सुधरता है।

कैरिया पपाया, यूपाटोरियम का सेवन कारगर
होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. चक्षु मिश्रा के मुताबिक जिनके शरीर में प्लेटलेट्स की संख्या 1.5 लाख से कम हैं, उन्हें विटामिन बी-12 और विटामिन सी से भरपूर फल, खाद्य सामग्री का सेवन करना चाहिए। वहीं, ज्यादा गिरावट होने पर होम्योपैथी की कैरिया पपाया दवा की 20 बूंद दिन में पांच बार, यूपाटोरियम पर्फ की पांच बूंद पांच बार सेवन करने से तेजी से काउंट सुधरता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें