वीर सावरकर नगर फीडर पर आज चार घंटे कटौती
सनसिटी उपकेंद्र के ओवरलोड चल रहे वीर सावरकर नगर फीडर को दो हिस्सों में विभाजित कर कुछ इलाके को महानगर उपकेंद्र से जोड़ा जाएगा। इस दौरान आकांक्षा एन्क्लेव, आकांक्षा होम्स की आपूर्ति महानगर उपकेंद्र से शुरू की जाएगी। सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक सनसिटी उपकेंद्र के परवाना नगर फीडर पर काम के दौरान आपूर्ति ठप रहेगी।
तीसरे दिन भी सामान्य नहीं हो सकी आपूर्ति
सुभाषनगर से जुड़े इलाकों में बृहस्पतिवार को तीसरे दिन भी आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। कुछ इलाकों में लोकल फॉल्ट दुरुस्त कर बुधवार रात आपूर्ति चालू की गई थी, लेकिन आंधी और बारिश के कारण वहां फिर समस्या पैदा हो गई। बीडीए कॉलोनी में दिनभर ट्रिपिंग होती रही। सुभाषनगर उपकेंद्र के लोड को मढ़ीनाथ और सराय तल्फी उपकेंद्रों से जोड़े जाने के बाद भी कटौती और ट्रिपिंग से राहत नहीं मिल सकी।
बुधवार रात आंधी-बारिश के बाद आपूर्ति चालू की गई तो लोकल फॉल्ट की झड़ी लग गई। सुभाषनगर के बदायूं रोड, पटेल विहार, जागृति नगर, करगैना, सर्वोदय नगर, वृंदावन गार्डन, पाल नगर में ज्यादा समस्या रही। बीसलपुर रोड पर पेड़ की डालें गिरने से 33 केवी लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस वजह से हरुनगला उपकेंद्र के इलाकों में बृहस्पतिवार को भी ट्रिपिंग होती रही।
यहां भी रही समस्या
पवन विहार, डोहरा मोड़, कृष्णा कॉलोनी, सतीपुर चौराहा, बीसलपुर रोड, रामगंगानगर में बुधवार रात दो बजे आपूर्ति बहाल हो गई, पर रामगंगानगर के कुछ सेक्टर में बृहस्पतिवार शाम को भी समस्या बनी रही। जगतपुर चौकी के पास 11 केवी लाइन में फॉल्ट होने से बृहस्पतिवार शाम छह बजे आपूर्ति ठप हुई तो रात आठ बजे के बाद बहाल की जा सकी।
शाहदाना उपकेंद्र से जुड़े पुराना शहर के इलाकों में भी बृहस्पतिवार को लोकल फॉल्ट और बंच केबल जलने के कारण कटौती की गई। बजरिया इनायतगंज, एजाजनगर, जगतपुर, कंघी टोला, रबड़ी टोला, सैलानी, इलाकों के लोगों को कटौती का सामना करना पड़ा।
किला उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में बारिश के बाद आपूर्ति चालू की गई तो लोकल फॉल्ट और केबल जलने से आपूर्ति ठप हो गई। मलूकपुर, कुंवरपुर, बिहारीपुर कहरवान, किला इलाकों में लोगों ने कटौती का सामना किया। बृहस्पितवार शाम मलूकपुर में बंच केबल जल गया। इससे तीन घंटे आपूर्ति ठप रही।