बरेली। पीडब्ल्यूडी ने पीलीभीत बाइपास (बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक) को फोरलेन करने की कवायद फिर शुरू की है। इसके लिए 70 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसे शासन को भेजा जाएगा। स्वीकृति और बजट जारी होने के बाद काम शुरू होगा।
बड़ा बाइपास से बैरियर टू तक अभी सड़क टूलेन है। इससे लोगों को काफी असुविधा हो रही है। वर्ष 2019 में पीडब्ल्यूडी ने इस सड़क को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से अपने अधीन लिया था। 11.6 किलोमीटर लंबी सड़क के सात किमी हिस्से (सेटेलाइट तिराहे से लेकर बैरियर टू पुलिस चौकी से पहले तक) को पीडब्ल्यूडी पहले ही फोरलेन कर चुका है। बैरियर टू से बड़ा बाइपास तक 4.6 किलोमीटर का हिस्सा अभी भी टूलेन है। इसी को फोरलेन करना है। सड़क के चौड़ीकरण के साथ ही सुंदरीकरण भी होगा। इसके प्रस्ताव को मंडलायुक्त की बैठक में रखने के बाद शासन को भेजा जाएगा। इसके फोरलेन होने से वाहन चालकों को खासी राहत मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी ने इससे पहले वर्ष 2022 में फोरलेन का प्रस्ताव बनाकर भेजा था। इसके लिए बजट भी मंजूर हो गया था, लेकिन जनप्रतिनिधियों के सुझाव पर इसे सिक्सलेन करने के लिए दोबारा 301 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया। इसके बाद दोनों में से किसी प्रस्ताव को शासन की स्वीकृति नहीं मिली। इस कारण यह सड़क अभी तक टूलेन ही रह गई।
पीलीभीत बाइपास के 4.6 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। शासन की मंजूरी मिलने व बजट जारी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। - नारायन सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी