ग्रामीणों ने कहा- सिरौली के कूप रामगंगा घाट पर पेंटून पुल बन जाए तो सुगम होगा मिलक जाना
सिरौली। कस्बे के लोगों ने सिरौली-मिलक क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के लिए सिरौली के कूप रामगंगा घाट पर पेंटून पुल बनवाने की मांग की है।
कस्बे के पश्चिमी तराई क्षेत्र के रामगंगा पार बसे रामपुर की मिलक व शाहबाद तहसीलों के 50 गांव हैं, जिनकी दूरी सिरौली से मात्र तीन किमी. है, लेकिन बीच में रामगंगा होने के कारण दोनों तरफ के लोगों को शाहबाद होकर 25 किमी. फेरा लगाकर अप-डाउन करना पड़ता है। ऐसे में समय और रुपयों दोनों की बर्बादी होती है, जबकि सिरौली क्षेत्र के गांवों के लोगों की अधिकतर रिश्तेदारियां भी इन्हीं गांवों में है।
गांव कूप रामपुर के पूर्व प्रधान ठाकुर सुनील कुमार ने मंत्रियों से लेकर अधिकारियों तक से यह मांग रखी। सिरौली के वेलफेयर सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष आलम खान, सर्राफा व्यापारी राजकुमार गुप्ता, राम भारद्वाज, भाजपा नेता अवनीश मौर्य, ठाकुर अर्जुन सिंह कठेरिया ने बताया कि यहां पुल बनने से दोनों क्षेत्रों का विकास होगा। सिरौली से मिलक की दूरी 37 किमी. से घटकर मात्र 15 किमी. रह जाएगी। अब ग्रामीणों ने मंत्री धर्मपाल सिंह से शिवपुरी घाट का पेंटून पुल कूप घाट पर बनवाने की मांग है। चूंकि शिवपुरी घाट पर पक्का पुल बन गया है। संवाद