बरेली। जलापूर्ति ठप होने से परेशान सूफी टोला के लोगों ने मंगलवार को नगर निगम में प्रदर्शन किया। नगर आयुक्त ने वार्ड में सबमर्सिबल पंप लगवाने का आश्वासन दिया। शाम को जलकल विभाग के जेई को भेजकर लाइन चेक कराने की बात भी कही।
सूफी टोला वार्ड के लोगों ने नगर आयुक्त को बताया कि वहां नई लाइन डाली गई है, पर उसमें पानी नहीं आ रहा। श्यामगंज स्थित ओवरहेड टैंक से पानी छोड़ा जाता है पर यह मोहल्ले तक नहीं पहुंचता। कई बार गंदा पानी आता है। इससे पांच हजार लोग परेशान हैं। पार्षद जैनल परवीन ने सबमर्सिबल पंप लगवाने की मांग की। इस पर नगर आयुक्त निधि गुप्ता ने कहा इसके लिए जगह तलाश की जाएगी। साथ ही लाइन को चेक करने के लिए शाम को जलकल विभाग के जेई को वार्ड में भेजा जाएगा। जब तक व्यवस्था ठीक नहीं हो जाती, टैंकर से जलापूर्ति की जाएगी।
बरेली। हरुनगला में पानी की पाइप लाइन फटने से हो रही पानी की बर्बादी पर अपना दल (एस) विधि मंच के प्रदेश सचिव गजेंद्र पटेल एडवोकेट ने रोष व्यक्त किया है। नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में अपर नगर आयुक्त से मिलकर क्षेत्र में दो जगह हो रही पानी की बर्बादी को रोकने के लिए पत्र दिया। उन्होंने बताया कि एक माह से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इस संबंध में जलकल विभाग के जेई से मौखिक व लिखित शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अपर नगर आयुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।