ट्रैक बाधित करने की घटनाएं बढ़ीं, जीआरपी के साथ पुलिस भी करेगी कॉम्बिंग
बरेली। रेल लाइनों को बाधित कर ट्रेनों को डिरेल करने की सिलसिलेवार कोशिशों के बीच जीआरपी और आरपीएफ ने सुरक्षा बढ़ा दी है। डीजीपी प्रशांत कुमार ने रेल ट्रैक के आसपास की बस्तियों में रहने वाले लोगों का सत्यापन कराने का आदेश भी दिया है। स्थानीय पुलिस को जीआरपी के साथ मिलकर संयुक्त कॉम्बिंग का आदेश भी दिया गया है। इसके बाद संयुक्त अभियान शुरू कर दिया गया है।
हाल ही में कालिंदी एक्सप्रेस को डिरेल करने की साजिश हो चुकी है। इसके बाद भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। इज्जतनगर और मुरादाबाद रेल मंडल में भी ज्यादातर स्थानों पर रेल पटरियों के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं है। पुलिस और जीआरपी ने ट्रैक के दोनों ओर बस्तियों में रहने वालों संदिग्धों की निगरानी शुरू कर दी है। डीजीपी ने इस तरह की साजिशों को रोकने के लिए जीआरपी और आरपीएफ से मिलकर काम करने और पटरियों के आसपास की बस्तियों में लोगों का सत्यापन कराने के साथ उनका पूरा ब्योरा जुटाने के भी आदेश दिए हैं। बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार को जंक्शन, सिटी रेलवे स्टेशन पर संयुक्त अभियान चलाकर चेकिंग की गइ्र। इस दौरान संयुक्त कॉम्बिंग भी की गई। संवाद