खुटार। दूसरे प्रांतों में काम करने गए लोगों का लॉकडाउन के बाद भी वापस आना जारी है। वाहन नहीं मिलने से लोग पैदल घर लौट रहे हैं। लखीमपुर के कस्बा पलिया कलां निवासी जयप्रकाश भट्ट, कृष्णा, विवेक सिंह, मोहन भट्ट को खुटार में लोगों ने रोक लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे लोग दिल्ली के मोतीनगर में एक होटल में काम करते थे। लॉकडाउन के बाद होटल बंद हो गया तो खर्च चलना मुश्किल हो गया था। तीन दिन पूर्व सभी दिल्ली से पैदल घर के लिए निकले थे। रास्ते में ट्रक चालक ने उनको बैठा लिया और शाहजहांपुर तक ले आया। शुक्रवार रात सभी शाहजहांपुर से पैदल घर के लिए निकले थे। खुटार पहुंचने पर लोगों ने उन्हें रोक लिया और चारों को सरकारी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने सभी का परीक्षण कर स्वस्थ पाया तो उनको घर में क्वारंटीन रहने की हिदायत देकर जाने की अनुमित दे दी। उधर, खुटार के गांव लड़ती निवासी बृजेश, रामबहादुर, अनिरुद्ध कुमार, जितेंद्र, सूरज कुमार, रामनराज, लालजीत, दीपक और प्रदीप दो माह पूर्व मजदूरी करने बहराइच गए थे। शुक्रवार रात सभी घर लौटे तो गांव के लोगों ने पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने की बात कहते हुए अस्पताल भेज दिया। श्रमिकों का खुटार पीएचसी पर परीक्षण कर घर में ही क्वारंटीन रहने की सलाह देकर घर भेज दिया गया। डॉक्टर संजीव कुमार ने बताया कि दिल्ली और बहराइच से आए लोगों में किसी बीमारी के लक्षण नहीं मिलने के कारण घर भेज दिया गया है। संवाद