जोगीनवादा रामलीला मेले में चल रहे दंगल में शुक्रवार को दिलचस्प मुकाबला हुआ। महिला पहलवान पायल ने संजय पहलवान को पटकनी देकर धूल चटा दी। पांच मिनट के मुकाबले में संजय पर पायल शुरू से ही हावी रहीं। तुलसी नगर मैदान में शुक्रवार को काफी दर्शक मौजूद थे। शाम करीब चार बजे शुरू हुए मुकाबले के लिए जब संभल की पायल शर्मा अखाड़े में उतरीं तो प्रतिद्वंद्वी के रूप में उत्तराखंड के संजय पहलवान उनके सामने थे। भारी भीड़ के बीच मुकाबला शुरू हुआ। कुछ ही देर में पायल ने प्रतिद्वंद्वी संजय को चित कर दिया। रोमांचकारी कुश्ती देखकर दर्शक उत्साह से भर गए। कई दर्शकों ने पायल को इनाम भी दिया। इसके बाद दिल्ली की शीतल यादव और काशीपुर की प्रिया यादव के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें प्रिया यादव ने दिल्ली की शीतल को हरा दिया। शनिवार को भी इनके मुकाबले होंगे। इस मौके पर कमेटी के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।