बरेली। जिला अस्पताल में मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराए जाने के दावों पर वायरल वीडियो ने प्रश्नचिह्न लगाया है। इसमें सेप्टिक वार्ड में भर्ती मरीजों की हालत दिखाई गई है। वार्ड बेहद गंदा है। एक महिला मरीज जमीन पर लेटी हुई है। बेड फटे हैं। कोई सुनवाई भी नहीं हो रही।
शनिवार शाम जिला अस्पताल के सेप्टिक वार्ड का वीडियो वायरल हुआ। 31 सेकंड के इस वीडियो में वार्ड के अंदर का नजारा दिखाया है। मास्क लगाए एक युवक कैमरा लेकर अंदर प्रवेश करते ही दुर्गंध से बचने के लिए नाक बंद कर लेता है। फिर वार्ड में जमीन पर लेटी महिला मरीज को दिखाने के बाद वह बदहाल बेड पर पड़े फटे हुए गद्दों को दिखाकर निकल जाता है। प्रभारी सीएमएस डॉ. एलके सक्सेना का कहना है कि वार्ड में सुबह और दोपहर में नियमित सफाई होती है। मानसिक रूप से कमजोर मरीज भर्ती हैं, जो खानपान की सामग्री बिखेर देते हैं।
वीडियो शाम छह बजे के बाद बनाया गया है। वार्ड में मरीजों को कोई दिक्कत न हो, इसलिए पंखे के अलावा कूलर भी लगाए गए हैं। कहा कि खुद वह व्यवस्था को देखेंगे। जो खामियां होंगी, उसे दूर कराएंगे। साथ ही, संबंधित कर्मचारी से भी जवाव तलब किया जाएगा।