खेत से बारिश का पानी निकालने के लिए काटा सार्वजनिक रास्ता।
फरीदपुर। खेत से बारिश का पानी निकालने के लिए आम रास्ते पर पड़े खड़ंजे को काट डाला गया। रास्ते में हुए गहरे गड्ढे में निजी स्कूलों को आने-जाने वाले छोटे बच्चे गिर कर चोटिल हो रहे हैं। लोगों ने रास्ते का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर विरोध जताया है। फरीदपुर में नदिया अशोक गांव के सामने शाहजहांपुर नेशनल हाईवे से नगरिया बकैनिया रोड को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर खड़ंजा पड़ा हुआ है। इसी रास्ते पर एक निजी स्कूल व ऑक्सीजन गैस प्लांट है। यहां से स्कूल के एनसी से लेकर इंटर तक के बच्चे व राहगीर निकलते हैं। इस रास्ते पर एक खेत स्वामी ने अपने खेत से बारिश का पानी निकालने के लिए खड़ंजे को बीच से उखाड़ कर उसमें नाला बना दिया। खड़ंजे को उखड़े कई दिन बीत गए फिर भी उसे ठीक नहीं कराया गया। लोगों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से रास्ते को ठीक कराने की मांग की है। संवाद