बरेली। एशियाई खेलों में शहर का नाम रोशन करने वाली पदकवीर खुशबू मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाली हैं। प्रधानमंत्री ने पदक जीतकर लौटे देश के सभी खिलाड़ियों को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। सभी विजेता खिलाड़ी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी खिलाड़ियों से उनके अनुभव और संघर्ष पर संवाद करेंगे।
खिलाड़ी भी प्रधानमंत्री से अपने अनुभव और एशियाई खेलों में शामिल होने को लेकर अपनी भावनाएं साझा करेंगे। उनके आगे के लक्ष्यों पर भी बात की जाएगी। एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के बाद सोमवार को सेपक टाकरा खिलाड़ी खुशबू कोच बीए शर्मा के साथ भारत लौटीं। पीएम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए खुशबू सोमवार देर शाम दिल्ली पहुंच चुकी हैं।
साईं प्रबंधन की ओर से सचिव जेएस द्विवेदी ने बताया के उनका और कोच का नंबर पहुंच से बाहर होने के कारण दोनों से फिलहाल संपर्क नहीं हो पा रहा है, लेकिन उनके भारत लौटने की जानकारी स्टेडियम को दी गई है। मंगलवार को पीएम के कार्यक्रम का हिस्सा बनने के बाद बुधवार शाम तक खुशबू बरेली आ जाएंगी।
उधर, खुशबू के स्वागत की तैयारियां साईं प्रबंधन ने जोरों से शुरू कर दी हैं। कोच जेएस द्विवेदी को भी खुशबू की इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा। खुशबू ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कोच की लगन और मेहनत को दिया है।
दूसरी ओर परिवार में भी बेटी के पदक जीतकर लौटने पर जश्न का माहौल है। पिता गोपाल का कहना है कि उनकी बेटी ने जीवनभर के उनके संघर्ष को सफल कर दिया है। बेटी की सफलता पर परिवार को गर्व है।
कोर्ट का नाम खुशबू के नाम पर रखने की चर्चा
खुशबू के लौटने के बाद से सेपक टाकरा कोर्ट को उनके नाम से पहचान दिए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। कई लोगों ने कहा है कि कोर्ट का नाम बदलकर खुशबू के नाम पर रखा जाएगा, लेकिन सचिव जेएस द्विवेदी ने इससे इन्कार किया है। उनका कहना है कि कुछ लोगों ने यह प्रस्ताव प्रबंधन के सामने रखा है। हालांकि इस पर अभी तक कोई फैसला नहीं लिया गया है। प्रबंधन की ओर से फैसला लिए जाने से पहले सभी तथ्य गलत हैं। कहा, यह जरूर कह सकते हैं कि साईं प्रबंधन इस पर विचार कर सकता है।