बरेली में रक्त की कमी से जूझ रहे रक्तकोष को सोमवार को आठवीं बटालियन पीएसी के जवानों का साथ मिला। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से बटालियन के स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित रक्तदान शिविर में 15 यूनिट रक्त का महादान किया। सभी रक्तदाताओं को अमर उजाला की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर का आयोजन सुबह 11 बजे से होना था लेकिन रक्तदान के लिए जवान सुबह दस बजे से ही स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंच गए थे। अस्पताल परिसर के हॉल में शिविर का आयोजन हुआ। जिला अस्पताल ब्लड बैंक की टीम ने जवानों की प्रारंभिक जांच की। इसमें सभी फिट रहे। रक्तदान से जुड़े सवालों का जवाब टीम ने दिया।
इन जवानों ने किया रक्तदान
फिर क्रमवार जवान ओम श्रीवास्तव, रवि कांत, छत्रपाल सिंह, धीरेश कुमार सिंह, आकाश कुमार, अमित कुमार, प्रमोद कुमार, विकास कुमार, दीपेंद्र सिंह, राज कुमार सिंह, शिवम शर्मा, सुमित कुमार, सूरज पाल, शैलेंद्र कुमार, चित्रांशु कुमार रक्तदान कर महादानी बने। इस दौरान मौजूद रहे बटालियन के अफसर और स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी ने जवानों का हौसला बढ़ाते रहे। जिला अस्पताल ब्लड बैंक जनसंपर्क अधिकारी ने सभी को रक्तदान का महत्व और जरूरत के बारे में बताया।
रक्तदान के बाद सभी जवानों ने सेल्फी क्लिक कर सोशल मीडिया पर और परिजनों को भेजकर तारीफें बटोरीं। इस दौरान क्वॉर्टर गार्ड पवन कुमार भाटी समेत जिला अस्पताल ब्लड बैंक से जेआर पाल, आशा रानी, विवेक, आलोक कुमार, सुनील, संतराम व अन्य स्टाफ मौजूद रहा।