- सीएमओ ने सीएमएस को प्लांट दुरुस्त कराने के दिए निर्देश
बरेली। शासन के निर्देश पर शुक्रवार को अस्पतालों में पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान महिला अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट संचालित न हो सका। सीएमओ ने सीएमएस को कॉल करके उसे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक प्लांट में कुछ तकनीकी खामी थी, जिसे ठीक कराने के लिए कहा गया है। वहीं, तीन सौ बेड अस्पताल में भी इमरजेंसी में मरीज भर्ती कराने से लेकर ओटी की तैयारियों और वार्ड की व्यवस्थाओं को परखा गया। आईसीयू, सीसीयू, ऑक्सीजन प्लांट को देखा गया। वेंटीलेटर, एचएफएनसी, ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर, ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए वैकल्पिक मैनीफोल्ड, सप्लाई यूनिट आदि जांचे गए। उनका संचालन भी कराया गया पर कोई समस्या नहीं रही। स्टाफ से उपकरणों के संचालन और इलाज के बारे में सवाल हुए।
एडी हेल्थ डॉ. पुष्पा पंत ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान उपलब्ध कराए गए संसाधनों का आकलन हुआ, ताकि भविष्य में किसी बीमारी का प्रकोप होने पर तत्काल इलाज मुहैया कराई जा सके। बहेड़ी, नवाबगंज, मीरगंज में भी मॉकड्रिल हुई। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी है। अमर उजाला ब्यूरो