फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

खुशखबर: बरेली-बदायूं हाईवे पर बनेगा रेलवे ओवरब्रिज, 200 करोड़ खर्च होंगे, जानें कितनी होगी इसकी लंबाई?

Tue, 23 Aug 2022 02:09 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने यह प्रोजेक्ट तैयार कर मंजूरी के लिए रेलवे को भेज दिया है। डेढ़ किलोमीटर लंबे इस ओवरब्रिज के निर्माण पर दो सौ करोड़ की लागत आने का अनुमान जताया गया है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली के लाल फाटक क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंचने के साथ अब बदायूं रोड के महेशपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर भी ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने यह प्रोजेक्ट तैयार कर मंजूरी के लिए रेलवे को भेज दिया है। डेढ़ किलोमीटर लंबे इस ओवरब्रिज के निर्माण पर दो सौ करोड़ की लागत आने का अनुमान जताया गया है। दावा किया जा रहा है कि अगले महीने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिल सकती है।

विज्ञापन


अत्यधिक व्यस्त रहने वाला बदायूं रोड मथुरा हाईवे का हिस्सा है। शहर से बदायूं रोड के लिए ट्रैफिक लाल फाटक और करगैना इलाके से होते हुए दो अलग-अलग सड़कों से गुजरता है। ये दोनों सड़कें आगे जाकर रामगंगा तिराहे पर मिलती हैं। लाल फाटक रोड के साथ करगैना रोड पर भी महेशपुरा में दो-दो रेलवे क्रॉसिंग हैं। इसकी वजह से दोनों सड़कों पर क्रॉसिंग बंद होने की दशा में तमाम सालों से भीषण जाम लगता आ रहा है। लाल फाटक रोड पर छह साल पहले ओवरब्रिज बनना शुरू हुआ था, जिसका निर्माण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसी के साथ अब महेशपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर भी ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस क्रॉसिंग से रोज औसतन साढ़े तीन लाख वाहन गुजरते हैं।

हाल ही में एनएचएआई ने महेशपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण का प्रोजेक्ट तैयार कर रेलवे को भेज दिया है। एनएचएआई के अफसर इस प्रोजेक्ट को अगले महीने के अंत तक मंजूरी मिलने की संभावना जता रहे हैं। बता दें कि आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप काफी समय से महेशपुरा क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के लिए पैरवी कर रहे थे। पिछले दिनों मुरादाबाद मंडल के डीआरएम भी यहां मुआयना करने पहुंचे थे। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक लाल फाटक ओवरब्रिज का निर्माण पूरा होने के बाद महेशपुरा क्रॉसिंग पर काम शुरू किया जाएगा ताकि लाल फाटक रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह डायवर्ट किया जा सके। लाल फाटक ओवरब्रिज का निर्माण दिसंबर में पूरा होने की संभावना जताई गई है।

60 पिलर पर खड़ा होगा ओवरब्रिज
महेशपुरा में दो रेलवे क्रॉसिंग हैं जिनके बीच की दूरी लगभग एक किमी है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट के मुताबिक ओवरब्रिज दोनों क्रॉसिंग के ऊपर बनाया जाएगा। इस ओवरब्रिज की लंबाई लगभग डेढ़ किमी होगी। शुरुआती डिजाइन के मुताबिक ओवरब्रिज 60 पिलर पर खड़ा होगा। उसके निर्माण के लिए कुछ अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता होगी। एनएचएआई के अफसरों के मुताबिक इसके लिए जिला प्रशासन की मदद ली जाएगी। रेलवे की मंजूरी के बाद एनएचएआई आगे कार्रवाई शुरू करेगा।
विज्ञापन

सिक्स लेन भी होगी 58 किमी लंबा बदायूं रोड
एनएचएआई बरेली-बदायूं हाईवे का चौड़ीकरण भी करने जा रहा है। फिलहाल यह रोड फोरलेन है जिसे सिक्स लेन बनाए जाने की योजना है। इस पर करीब दो हजार करोड़ का बजट खर्च होगा। बिनावर के पास जाकर यह मार्ग गंगा एक्सप्रेस वे से मिलेगा। इस मार्ग के चौड़ीकरण से वाहन फर्राटा भरेंगे। सड़क चौड़ीकरण के लिए बरेली और बदायूं के बीच लगभग 70 गांवों में हजारों किसानों की जमीन भी अधिग्रहीत की जाएगी।
महेशपुरा पर आरओबी बनाने के लिए प्रस्ताव रेलवे को भेज दिया है। इस आरओबी के बनने से वाहन चालकों को बड़ा लाभ मिलेगा। रेलवे की मंजूरी के बाद इस पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। -अमित चित्रांशी, पीडी, एनएचएआई
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें