बरेली। गृह कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। पीड़ित के मुताबिक पति उन्हें व बेटियों को पसंद नहीं करता है। शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सुभाषनगर की मारुति कॉलोनी निवासी बबिता के मुताबिक पति जुगेंद्र, सास ओमवती और ससुर अतर सिंह उन्हें और बेटियों को अक्सर प्रताड़ित करते हैं। बताया कि पति बेटों को तो होटलों में खिलाने ले जाते हैं और उनके लिए घर में राशन तक नहीं लाते। शिकायत पर मारपीट करते हैं। आरोप है कि इसका विरोध करते हुए उन्होंने पुलिस से शिकायत करने की बात की तो पति ने सोमवार शाम उन पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव करते वक्त चाकू उनके हाथ पर भी लग गया। इसके बाद ससुरालियों ने उन्हें बेघर कर दिया। वापस आने पर जान से मारने की धमकी दी।