भोजीपुरा। एक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर विज्ञापन में दिए गए लिंक से ऑनलाइन मोबाइल फोन आर्डर करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रुपयों का भुगतान करने के बाद जब पार्सल उसके घर पहुंचा तो उसमें मोबाइल फोन की जगह कागज में लिपटी हुई एक शीशी निकली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।
शाही थाना क्षेत्र के गांव चकदाह भगवतीपुर निवासी अंकुश गंगवार ने बताया कि वह सरदार बल्लभ भाई पटेल डिग्री काॅलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने एक सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर छूट पर मोबाइल फोन का विज्ञापन दिखा। सिर्फ 3500 रुपये में अच्छी कंपनी का मोबाइल फोन मिलने की बात विज्ञापन में दिखाई गई।
विज्ञापन पर यकीन करके उन्होंने लिंक पर क्लिक किया। लिंक के जरिये खुली वेबसाइट से उन्होंने मोबाइल फोन आर्डर कर दिया। सात फरवरी को डिलीवरी बॉय की कॉल आई। भुगतान के बाद उसने एक पार्सल दिया, कहा कि घर जाने के बाद ही इसे खोले। घर पहुंचकर जब उन्होंने बॉक्स खोला तो उसमें कागज में लिपटी हुई एक शीशी निकली।
जब उसने डिलीवरी बॉय के नंबर पर कॉल की तो उसने दूसरा मोबाइल फोन मंगाने का आश्वासन दिया। इसके बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया। ठगी का अहसास होने पर वह भोजीपुरा थाने पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक जगत सिंह ने जांच के बाद मामले में कार्रवाई की बात कही है।