बरेली। पटेल चौक में 11.18 करोड़ की लागत से बने स्काई वॉक पर सैर के लिए शहरवासियाें को अभी इंतजार करना होगा। क्योंकि चुनाव आचार संहिता के कारण इसको संचालित करने वाली कंपनी के चयन के लिए टेंडर नहीं हुआ है। जून के बाद ही इसके शुरू होने की उम्मीद है।
हालांकि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बने इस स्काई वॉक का काम लगभग पूरा हो चुका है। जीना, स्वचालित सीढि़यां, लिफ्ट और रेलिंग तैयार है। बिजली कनेक्शन के लिए लाइन भी डाल दी गई है, लेकिन सौंदर्यीकरण अभी बाकी है। इसके लिए रंग-बिरंगी लाइटों से लेकर कैमरे तक आ गए हैं, लेकिन उद्घाटन में देरी के कारण इनको नहीं लगाया गया है, जिससे खराब या चोरी न हो जाएं। उद्घाटन से पहले संचालन के लिए चुनी जाने वाली संस्था को सौंदर्यीकरण करके लाइट, कैमरों और बिजली कनेक्शन के साथ स्काई वॉक का हैंडओवर कर दिया जाएगा।
काम पूरा होने में शुरुआत से हो रही देरीस्काई वॉक बनने का प्रस्ताव फरवरी 2021 से था, लेकिन इसे मंजूरी अप्रैल 2022 में मिली। फिर इसका काम जिम्मेदार कंपनी को 30 नवंबर 2023 तक पूरा करना था लेकिन 31 दिसंबर तक पूरा नहीं हुआ। कंपनी को अल्टीमेटम दिया गया, लेकिन कार्य फरवरी तक पूरा हो सका। वहीं इसके बाद से संचालन संस्था के टेंडर की प्रक्रिया रुकी है।
-
वर्जन
काम पूरा हो चुका है, आचार संहिता के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसमें 21 दिन की टेंडर प्रक्रिया होती है और करीब तीन माह का समय लग जाता है। इसके बाद शहर के लोगों के लिए स्काई वॉक खुल जाएगा।
उमेश गौतम, महापौर