बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में करोड़ों की लागत से तैयार किए गए सिंथेटिक ट्रैक के रखरखाव और सुरक्षा को लेकर स्टेडियम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। महज छह महीने के भीतर ही ट्रैक की सतह क्षतिग्रस्त होने और उसकी ऊपरी परत उखड़ने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि अब केवल पंजीकृत खिलाड़ी ही इस ट्रैक पर अभ्यास कर सकेंगे। पिछले दिनों हुई जांच में तथ्य सामने आया कि ट्रैक के समय से पहले खराब होने की मुख्य वजह इसका अनियंत्रित और अत्यधिक उपयोग था। विशेष रूप से बड़ी संख्या में आने वाले मॉर्निंग वॉकर्स और आम नागरिकों की ओर से सामान्य जूते-चप्पलों का उपयोग कर ट्रैक पर टहलने से इसकी कोमल सतह को भारी नुकसान पहुंचा है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम प्रशासन ने ट्रैक के पास सूचना बोर्ड लगा दिए हैं, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग अब टहलने के लिए इस ट्रैक का उपयोग नहीं कर सकेंगे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने बताया कि यह सिंथेटिक ट्रैक अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार एथलीटों के विशेष प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया गया है। इसकी लंबी उम्र और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए इस पर सीमित और नियंत्रित आवाजाही अनिवार्य है।