- माध्यमिक शिक्षा परिषद के प्रस्ताव पर शासन ने बढ़ाई तिथि
लखनऊ। शासन ने कक्षा 9 और 11 के छात्रों के पंजीकरण की तिथियों में संशोधन किया है। अब विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 10 सितंबर तक पंजीकरण शुल्क जमा करने और छात्रों के शैक्षिक विवरणों को अपलोड करने की अनुमति दी गई है। यह तिथि माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज की मांग पर बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी छात्र पंजीकरण प्रक्रिया से वंचित न रहे। इसके बाद अपलोड किए गए छात्रों के विवरण की जांच 11 से 13 सितंबर के बीच होगी। इस दौरान किसी भी प्रकार का अपडेशन प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी विवरण में सुधार की आवश्यकता हो, तो प्रधानाचार्य 14 से 20 सितंबर के बीच इनमें आवश्यक संशोधन कर सकते हैं। इस अवधि के दौरान नए छात्रों का विवरण अपलोड या स्वीकार नहीं किया जाएगा। केवल पहले से अपलोड किए गए विवरणों में ही संशोधन की अनुमति होगी। उन्होंने कहा है कि सभी प्रधानाचार्यों को पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली और संबंधित कोष पत्र की एक प्रति 30 सितंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में जमा करनी होगी। ब्यूरो