फतेहगंज पूर्वी। नेशनल हाईवे पर हुलासनगरा क्राॅसिंग पर बने ओवरब्रिज की एक लेन पर लोड की टेस्टिंग के लिए मंगलवार को दोपहर 3 बजे से यातायात रोक दिया गया है। शाहजहांपुर से बरेली की ओर आने वाली लेन से होकर अगले 72 घंटे तक वाहन नहीं गुजर सकेंगे। इस लेन पर शुक्रवार को दोपहर 3 बजे तक यातायात सुचारु हो जाएगा।
लोड की टेस्टिंग के लिए दिल्ली से रोड ट्रैफिक रिसर्च इंस्टीट्यूट की टीम पहुंच गई है। विशेषज्ञ के तौर पर राजीव गोयल आ रहे हैं। तीन चरणों में ओवरब्रिज की क्षमता का परीक्षण होगा। इस पर 24 घंटे बिना लोड, 24 घंटे लोड डालकर आंकड़ों की पड़ताल की जाएगी। इस दौरान 72 घंटे तक ओवरब्रिज की एक लेन पर वाहन नहीं चल सकेंगेे।
इस तरह होगा डायवर्जन
मंगलवार दोपहर 3 बजे से एनएचएआई ने मीरानपुर कटरा से आगे मंडी के पास से डायवर्जन किया है। शाहजहांपुर से बरेली की तरफ आने वाले वाहनों को बरेली से शाहजहांपुर की ओर जाने वाली लेन से ही गुजारा जा रहा है। दोनों ओर आने-जाने वाले वाहन करीब चार किलोमीटर हिस्से में फतेहगंज पूर्वी तक एक ही लेन से गुजरेंगे। एक तरफ की टेस्टिंग के बाद दूसरी तरफ की टेस्टिंग की जाएगी। टीम में शामिल विशेषज्ञ राजीव गोयल दिल्ली से बुधवार को ओवरब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचेंगे।