बरेली। मोबाइल फोन से मां के खाते में रुपये भेजते समय एक अंक गलत दबने से एक लाख रुपये दूसरे युवक के खाते में चले गए। युवक अब रुपये लौटाने से इन्कार कर रहा है। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बिथरी चैनपुर के लश्करीगंज गांव निवासी अंश पटेल का कहना है कि वह पंजाब में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्होंने 29 सितंबर 2023 को अपनी मां के खाते में एक लाख रुपये मोबाइल फोन से ट्रांसफर किए थे। खाता संख्या दर्ज करते समय एक अंक गलत हो गया जिससे रुपये बिथरी चैनपुर के गोपालपुर नगरिया निवासी महावीर सिंह के खाते में चले गए। महावीर सिंह से संपर्क किया तो उसने जल्द ही रुपये वापस करने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में उसने खाते से रुपये निकालकर खर्च करना शुरू कर दिया। बाद में रुपये लौटाने से इन्कार कर दिया। कई बार कहने के बाद उसने 17 हजार रुपये वापस किए। 83 हजार रुपये बाद में देने के लिए कहा। इसके बाद रुपये नहीं दिए।