सीबीगंज (बरेली)। थाना क्षेत्र में रहने वाले शातिर ने बैंक को समाज कल्याण विभाग की तरफ से फर्जी पत्र भेजा और अपने करीबियों के खातों में वृद्धावस्था पेंशन की रकम ट्रांसफर करा ली। बैंक शाखा प्रबंधक ने फर्जीवाड़ा खुलने पर 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बैंक आफ बड़ौदा की परसाखेड़ा शाखा के प्रबंधक ने बताया कि उनकी शाखा में कुछ खाते निष्क्रिय श्रेणी में डाले गए थे। स्पीड पोस्ट के माध्यम से शाखा में समाज कल्याण विभाग की ओर से कई पत्र आए। पत्र में वृद्धावस्था पेंशन की रकम गलती से अपात्रों के खातों में ट्रांसफर होने की बात लिखी थी। साथ ही पत्र द्वारा बैंक को निर्देश दिए गए कि गलत खातों में भेजी रकम को पात्रों के खातों में ट्रांसफर कर दिया जाए। बैंक ने पत्रों को सही मानते हुए निष्क्रिय खातों को सक्रिय कर उसमें जमा रुपये बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए। रकम डालते ही सभी खातों से रुपये निकाल भी लिए गए।
बैंक कर्मचारियों ने समाज कल्याण विभाग जाकर जानकारी की तो पता चला कि ऐसा कोई पत्र विभाग ने बैंक को नहीं भेजा है। इसके बाद समाज कल्याण विभाग ने सभी बैंकों को पत्र जारी कर एहतियात बरतने के लिए कहा। बैंक अधिकारियों ने मामले की जांच कराई तो पता चला कि सीबीगंज के हैदराबाद खड़ौआ निवासी यासीन ने समाज कल्याण विभाग की तरफ से फर्जी पत्र बनाकर बैंक को भेजे और अपने करीबियों के खातों में वृद्धावस्था पेंशन की लाखों की रकम ट्रांसफर करा ली। सभी पर सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यासीन ने बैंक में फर्जी पत्र भेजकर वृद्धावस्था पेंशन के लाखों रुपये का गबन कर लिया। यासीन ने पत्र के साथ अपने करीबियों के खाते नंबर बैंक को भेजकर उसमें रुपये ट्रांसफर करा लिए। धोखाधड़ी के बारे में जानते हुए भी खाताधारकों ने रुपये निकाल लिए। परसाखेड़ा शाखा प्रबंधक की तहरीर पर खाताधारक चुन्नी, जाविती देवी, इतवारी हुसैन, कल्लन शाह, गंगा देवी, मुस्तरी, मिढिया, देविका, रामकली, असमिलन, रसीतन, हमीदन, नन्हीं, यासीन और इसरायल के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।