बरेली। एक तो बिजली की लाइन पर काम करने की योग्यता न होने के बावजूद दो लाइनमैन कुलियों को फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा दिया गया और अब हादसे में बुरी तरह घायल होने के बाद उन्हीं को इसका जिम्मेदार मानते हुए नोटिस जारी कर दिया गया है। उन अफसरों को साफ बचा दिया गया जिनके निर्देश पर दोनों कुली लाइन ठीक करने गए थे।
बीसलपुर रोड पर 19 अक्तूबर को 11केवी लाइन पर काम करते हुए संविदा लाइनमैन कुली फतेहगंज पूर्वी के सनी यादव गंभीर रूप से झुलस गए थे। इसके बाद 20 अक्तूबर को किला में एक अन्य लाइनमैन कुली राहुल के साथ ऐसा ही हादसा हुआ। दोनों कुली इन हादसों के बाद काम करने की स्थिति में नहीं रह गए हैं लेकिन विभाग ने उनके प्रति संवेदना दिखाने के बजाय उन्हीं को लापरवाह बताकर पल्ला झाड़ लिया है। अफसरों ने दोनों को बगैर सुरक्षा उपकरण दिए खंभों पर चढ़ा दिया था।
अस्पताल में भर्ती दोनों कुलियों की हालत अब खतरे से बाहर जरूर है मगर खुद कॉरपोरेशन के अफसर मानते हैं कि कम से कम छह माह वे काम नहीं कर पाएंगे। इसके बावजूद अधीक्षण अभियंता ने उन्हें चेतावनी देते हुए नोटिस जारी कर दिया गया है।
ये काम है लाइनमैन कुली का
पावर कॉरपोरेशन में लाइनमैन कुली का पद अकुशल श्रमिक का है। इस पद पर काम करने वाले कर्मी को बिजली का कोई काम नहीं आता है। यह लाइनमैन की सुविधा के लिए सीढ़ी लेकर चलता है। लाइनमैन जिस जगह सीढ़ी लगाने की कहता है, वहीं पर लगाता है।
हरूनगला में एक लाइन का शटडाउन लिया जबकि पास से गुजर रही दूसरी लाइन का भी शटडाउन लेना था। इसमें घायल सन्नी यादव की ही लापरवाही सामने आई है। किला में भी राहुल अपनी लापरवाही से घायल हुआ। संभव है वह किसी लालच में काम करने गया हो। - विकास सिंघल, अधीक्षण अभियंता शहर