बहेड़ी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग केसर रेलवे क्राॅसिंग व सिंह गौटिया पर ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। नगर पालिका की चेयरमैन ने ओवरब्रिज बनाने के लिए कार्रवाई शुरु की। इसी के तहत से सेतु निगम की टीम यहां पहुंची। टीम ने जांच करने के बाद दोनों ही स्थानों पर ओवरब्रिज न बन पाने की रिपोर्ट दी और कहा अब सिर्फ अंडर पास ही एक मात्र विकल्प है।
नगर का आधा हिस्सा रेलवे लाइन के दूसरी ओर बसा हुआ है। केसर चीनी मिल, सरकारी अस्पताल, गन्ना विभाग का दफ्तर, पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, आरएसएस का दफ्तर मौजूद है। यहां जाने के लिए मुड़िया रोड रेलवे क्रॉसिंग, केसर रेलवे क्राॅसिंग व सिंह गौटिया रेलवे क्राॅसिंग पड़ते हैं। जिसके कारण घंटों जाम लगा रहता है। क्षेत्र के लोग यहां ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे। इधर नगर पालिका की चेयरमैन ने ओवरब्रिज बनवाने के लिए कार्रवाई शुरू की थी। जिसके चलते सेतु निगम की टीम स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के बाद बताया कि केसर रेलवे क्राॅसिंग पर मोड़ बहुत ज्यादा है, उधर चीनी मिल भी जगह देने को तैयार नहीं है ताकि ओवरब्रिज सीधे उतारकर कुछ हो सके, दूसरे सिंह गौटिया में ओवरब्रिज तो बन सकता ह, लेकिन आगे नदेली रोड को लिंक करने वाली सिंह गौटिया की एप्रोच सड़क बेहद संकरी है। दोनों ही जगह सिर्फ अंडरपास ही एक मात्र विकल्प बचा हुआ है, लेकिन अंडरपास बन भी गया तो उसमें जलभराव रोक पाना असंभव होगा। नगर पालिका अब अंडरपास बनाने के लिए आगे की कार्रवाई शुरु कर सकती है। सर्वे के दौरान अजय जायसवाल, ज्येंद्र पाल सिंह, हनी सलूजा, जेई जितेंद्र गंगवार, मंगली राम गंगवार आदि मौजूद रहे।