विहिप नगर अध्यक्ष को मारा चाकू
बरेली के फरीदपुर में मोहल्ला लाइन पार मठिया निवासी यासीन ने वीडियो एडिट कर श्रीराम मंदिर पर धार्मिक झंडा लगाकर व्हाट्सएप स्टेट्स लगा लिया। इससे लोगों की भावनाएं आहत हो रही थीं। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नगर अध्यक्ष सोमपाल राठौर ने यासीन से इसका विरोध जताया तो वह बौखला गया। उसने स्टेशन रोड पर सीएएस इंटर कॉलेज के मैदान में जान से मारने की नीयत से सोमपाल के पेट में चाकू घोंप दिया।
आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। विहिप के जिलाध्यक्ष मानवेंद्र राणा ने बताया कि नगर अध्यक्ष का मेडिकल परीक्षण कराया है। इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंस्टाग्राम पर डाली भड़काऊ पोस्ट
दूसरे समुदाय के युवक ने श्रीराम मंदिर को लेकर इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट डाल दी। इसमें बदला लेने की बात लिखी थी। गो सेवक हिमांशु पटेल ने एक्स पर युवक द्वारा डाली गई पोस्ट के स्क्रीनशॉट डालकर कार्रवाई की मांग की। पोस्ट के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, युवक ने भनक लगते ही भड़काऊ पोस्ट हटा ली।
देवी-देवताओं पर टिप्पणी का वीडियो वायरल, रिपोर्ट
आंवला में देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का वीडियो वायरल किया गया। बजरंग दल के पदाधिकारी ने हिंदू समाज की भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए आरोपी पर रिपोर्ट कराई है।
बजरंग दल के नगर संयोजक आशीष पाठक का आरोप है कि अयोध्या में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर खनगांवा श्याम गांव निवासी जाति विशेष के युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हिंदू देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने आरोपी पर भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी युवक अमित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि फरीदपुर के मामले में आरोपी यासीन की गिरफ्तारी की गई है। विहिप के नगर अध्यक्ष सुरक्षित हैं। आंवला मामले में पड़ोसियों का नाली व जानवर बांधने का विवाद था। इसमें एससीएसटी एक्ट की रिपोर्ट लिखी गई है। भंडारे से जुड़ा विवाद नहीं है।