बरेली। लघुवाद न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर के आदेश पर कब्जा दिलाने पहुंचे अमीन से जज को लेकर अपमानजनक बातें कहने वाले श्यामगंज चौकी इंचार्ज सतीश कुमार और बारादरी इंस्पेक्टर नीरज मलिक से एसएसपी ने जवाब तलब किया है। कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई के लिए 10 अगस्त की तिथि निर्धारित की है।
कोर्ट के आदेशानुसार कब्जा दिलाने के लिए रोशनी कोल्ड स्टोरेज बनाम कुलवंत सिंह मामले में अमीन 27 जुलाई को थाना बारादरी पहुंचे थे। वहां से उन्हें श्यामगंज चौकी इंचार्ज सतीश कुमार के पास भेजा गया। उन्होंने चौकी इंचार्ज को कोर्ट का आदेश बताया तो समय न होने की बात कहकर टाल दिया गया। दोबारा थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर ने फिर चौकी पर भेज दिया। इससे भड़के चौकी इंचार्ज उन्हें खरीखोटी सुनाने लगे। जज पर भी अपमानजनक टिप्पणी की। कहा, अगर आदेश का पालन नहीं करेंगे तो क्या जज साहब फांसी चढ़ा देंगे। अमीन ने कहा कि यह ज्ञानवापी वाले जज ने आदेश दिया है तो चौकी इंचार्ज और ज्यादा भड़क गए, बोले- यह बनारस नहीं बरेली है। साथ ही जज और अमीन की ईमानदारी पर भी सवाल उठा दिया। अमीन ने यह बातें कोर्ट में बताईं तो जज ने एसएसपी को इंस्पेक्टर और चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया था।