बरेली। सतीपुर चौराहे पर स्थित अलहिंद अस्पताल में भर्ती बुजुर्ग की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस जारी कर इलाज संबंधी दस्तावेज तलब किया है। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह की ओर से जारी नोटिस में अस्पताल संचालक से मरीज कब भर्ती हुआ, उसको कौन सी बीमारी थी और क्या इलाज हुआ? कब रेफर किया गया और किस वजह से मौत हुई? आदि रिकॉर्ड मांगे हैं। इलाज में लापरवाही की पुष्टि होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। बता दें कि दो दिन पूर्व अस्पताल में भर्ती काजी टोला निवासी शाकिर (55) की मौत के बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए किन्नरों ने हंगामा किया था। पुलिस ने समझाकर मामला शांत कराया था। अब सोशल मीडिया पर वायरल प्रकरण का संज्ञान लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। ब्यूरो