फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: यूपीएसएस के जिला प्रबंधक व केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी

Fri, 14 Jun 2024 06:05 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। साधन सहकारी समिति नौगवां भगवंतापुर क्रय केंद्र से 657 क्विंटल गेहूं गायब होने के मामले में यूपीएसएस के जिला प्रबंधक व क्रय केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं, एआर कोऑपरेटिव की तरफ से क्योलड़िया थाने में तहरीर भिजवाई गई थी लेकिन पुलिस ने किसी सक्षम अधिकारी के आदेश के बिना मुकदमा दर्ज करने से इन्कार कर दिया। गबन के मामले में डीएम या एसडीएम की अनुमति लाने के लिए कहा है।
विज्ञापन

साधन सहकारी समिति नौगवां भगवंतापुर में यूपीएसएस का क्रय केंद्र बनाया गया था। यहां 1528.25 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। एआर कोऑपरेटिव ने क्रय केंद्रों के बारे में पता किया तो मालूम चला कि नौगवां भगवंतापुर केंद्र से गेहूं एफसीआई में अभी नहीं भेजा गया। मौके पर जाकर जब जांच पड़ताल कराई तो 657 क्विंटल गेहूं गायब था। इधर, बृहस्पतिवार को एआर कोऑपरेटिव ने यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ओमेंद्र कुमार व केंद्र प्रभारी रतेंद्र पाल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।


जिला प्रबंधक पर ही क्षेत्रीय प्रबंधक का चार्ज
यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ओमेंद्र कुमार के पास ही क्षेत्रीय प्रबंधक का चार्ज है। यूपीएसएस के सारे केंद्रों पर गेहूं खरीद व उसे गोदाम तक पहुंचवाने का जिम्मा इन्हीं का है। घोटाले का पता चलने पर जिला प्रबंधक एआर कोऑपरेटिव को भी जवाब नहीं दे सके कि गेहूं कहां गया।
विज्ञापन

जिला प्रबंधक के कहने पर रिकार्ड में चढ़ाया गेहूं: केंद्र प्रभारी
केंद्र प्रभारी रतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि यूपीएसएस के जिला प्रबंधक ओमेंद्र सिंह के कहने पर ही एक ठेकेदार ने लोगों से गेहूं खरीदा है। इस गेहूं को सेंटर पर नहीं लाया गया। जिला प्रबंधक के कहने पर इसे सरकारी आंकड़ों में चढ़ा दिया गया। जिला प्रबंधक ने कहा था कि ठेकेदार गेहूं को सीधे गोदाम में पहुंचा देगा। वह केंद्र से बारदाना भी ले गया था। गेहूं गोदाम में जमा न करने पर केंद्र प्रभारी रतेंद्र पाल सिंह ने बीती छह जून को एसएसपी का पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। ठेकेदार को नोटिस भेजा गया। ठेकेदार शाहजहांपुर का है। अब एआर कोऑपरेटिव ने यूपीएसएस के जिला प्रबंधक से जवाब मांगा है। मामले में जिला प्रबंधक का पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क किया गया, मगर उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।

गोदाम में गेहूं पहुंचाने की कवायद
जैसे-जैसे समय बीत रहा है वैसे-वैसे घपलेबाजों को मौका मिल रहा है। चर्चा है कि ठेकेदार से साठगांठ करके किसी तरह से गेहूं को एफसीआई के गोदाम में पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। गेहूं गोदाम में पहुंच जाएगा तो मामला रफा-दफा हो जाएगा।

वर्जन-
यूपीएसएस के जिला प्रबंधक व केंद्र प्रभारी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया है कि 657 क्विंटल गेहूं कहां गया। जवाब आने के बाद कार्रवाई करेंगे।- ब्रजेश परिहार, एआर कोऑपरेटिव
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें