बरेली में नगर निकाय चुनाव में अलग-अलग पदों के लिए दावेदारों की तादाद बढ़ती जा रही है। बुधवार को मेयर पद के लिए दो, पार्षद के लिए 153, नगर पालिका अध्यक्ष के 12, सदस्य के 107, नगर पंचायत अध्यक्ष के 49 और सदस्य पद के लिए 214 नामांकन पत्र लोगों ने खरीदे। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए चार, पार्षद के लिए एक, सदस्य के लिए 87 नामांकन दाखिल हुए।
बरेली कॉलेज मैदान में पार्षद पद के लिए अब तक 553 नामांकन पत्र बिके हैं, जबकि दो दाखिल हुए हैं। अन्य निकायों में भी दो हजार से ज्यादा नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। बुधवार को बरेली नगर निगम में मेयर पद के लिए सीबीगंज खन्ना गौटिया निवासी जकीर खान और शेर अली गौटिया के इरशाद अली ने पर्चा खरीदा। अब तक मेयर पद के लिए 12 लोगों ने 15 नामांकन पत्र खरीदे हैं। सपा समर्थित उम्मीदवार संजीव सक्सेना के पक्ष में मंगलवार को चमन मठिया निवासी संजू ने नामांकन पत्र लिया था।
अब तक 107 नामांकन पत्र हुए दाखिल
मेयर और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए अब तक एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ है। पार्षद पद के लिए अब तक दो, नगर पालिका सदस्य के लिए 29, नगर पालिका अध्यक्ष के लिए चार और सदस्य पद के लिए 72 समेत 107 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं। शीशगढ़ नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी नीलोफर व फतेहगंज पश्चिमी से गीता यादव ने भी पर्चा भरा।