बरेली। परिवहन निगम रोडवेज के जीएम टेक्निकल अजीत सिंह शुक्रवार को बरेली पहुंचे। कई मामलों में जांच के लिए उन्होंने अभिलेख खंगाले। क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में रोडवेज के खराब प्रदर्शन को लेकर फटकार लगाई। बदायूं डिपो के खराब प्रदर्शन और बरेली डिपो की लगातार आ रहीं शिकायतों को लेकर नाराजगी जताई और कार्रवाई की चेतावनी भी दी। क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में तीन घंटे चली बैठक के बाद उन्होंने सेटेलाइट बस अड्डा का निरीक्षण किया। यहां अव्यवस्थाएं मिलने पर सुधार की हिदायत दी।
बरेली रीजन में भ्रष्टाचार की शिकायतें मुख्यालय तक पहुंच रहीं हैं। मई और नवंबर 2023 में बरेली डिपो में डीजल चोरी का मामला सामने आया था। उस समय किसी जिम्मेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। पिछले दिनों तक एक साल का ऑडिट कराया गया तो डीजल की आपूर्ति और खपत में भारी अंतर पाया गया। इसके अलावा निजी बसों को अनुबंध पर रखने, नई बीएस-6 मॉडल बसें चालकों को आवंटित करने को लेकर भी भ्रष्टाचार की शिकायतें मुख्यालय तक पहुंचीं। एमडी ने बरेली रीजन को मिल रहीं शिकायतों की जांच जीएम टेक्निकल और रीजन के नोडल अधिकारी अजीत सिंह को दी है। शुक्रवार को नोडल अधिकारी ने बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो की समीक्षा की तो कई खामियां सामने आईं।
उन्होंने पाया कि निगम की शत प्रतिशत बसों का संचालन नहीं हो रहा, दूसरी ओर अनुबंधित बसें खूब दौड़ रहीं हैं। उन्होंने निगम की शत प्रतिशत बसों के संचालन के निर्देश दिए। कई मामलों में जिम्मेदारों से पूछताछ की। बस अड्डा और कैंटीन निरीक्षण के दौरान भी उनको अव्यवस्थाएं मिलीं। सेटेलाइट बस अड्डा परिसर में गंदगी और अतिक्रमण को लेकर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। शाम पांच बजे वह लखनऊ रवाना हो गए। अब वह अपनी रिपोर्ट एमडी को देंगे।
-
चुनाव ड्यूटी में जाने वाली बसों को लेकर विशेष निर्देश
नोडल अधिकारी ने चुनाव ड्यूटी में भेजी जाने वाली बसों को लेकर विशेष निर्देश दिए। चारों डिपो के अधिकारियों को चेताया कि इन बसों में फर्स्ट एड बॉक्स, टूल किट समेत सभी जरूरी सामान होना चाहिए। चुनाव ड्यूटी में जाने वाले चालक-परिचालक वर्दी में होने चाहिए। बसों के टायरों की पहले से जांच कर ली जाए। सेवा प्रबंधक से रीजनल समेत चारों डिपो के वर्कशॉप में पुर्जों आदि की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
चुनाव ड्यूटी में भेजी गईं 20 बसें
- पहले चरण के चुनाव के लिए रोडवेज की 20 बसों को रवाना कर दिया गया है। इन बसों का अधिग्रहण पैरामिलेट्री फोर्स के आवागमन के लिए किया गया है। सेवा प्रबंधक ने बताया कि चुनाव ड्यूटी के लिए बसों को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। निजी बसें नहीं मिल पा रहीं। इस कारण रोडवेज की ज्यादा बसों को इस बार चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने के आदेश मिले हैं।