जिला बैडमिंटन एसोसिएशन से पंजीकरण कराए बगैर अगर कोई प्रतियोगिता कराता है तो उसमें एसोसिएशन से जुड़े खिलाड़ी नहीं खेल सकेंगे। एसोसिएशन ने रविवार को इस बाबत निर्देश जारी किए गए। सभी क्लब, संस्थान और कॉलेज जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता कराते हैं तो उनको जिला स्तर पर एसोसिएशन से पंजीकृत करना होगा। अगर मंडल स्तरीय प्रतियोगिता करा रहे हैं तब भी जिला एसोसिएशन के माध्यम से यूपी बैडमिंटन एसोसिएशन से पंजीकृत कराना होगा। एसोसिएशन के सचिव अनिल मेहरोत्रा ने बताया कि अगर बिना पंजीकरण के कोई प्रतियोगिता कराता है तो एसोसिएशन से जुड़े खिलाड़ी इसमें भाग नहीं ले सकेंगे। उन्होंने बताया कि इन दिनों स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण शिविर चल रहा है। इसमें 8 से 18 साल के खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं। अंकित चतुर्वेदी स्मारक जिला बैडमिंटन प्रतियोगिता 12 से 14 जुलाई के बीच होगी।