बरेली। त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पदों पर हुए उपचुनाव की बृहस्पतिवार को मतगणना हुई। बिथरी में मतगणना के दौरान कथित भाजपा प्रत्याशी को जिताने को लेकर सपा जिलाध्यक्ष की रिटर्निंग ऑफिसर से नोकझोंक हुई। शाम पांच बजे तक सभी विजेता प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र मिले।
जिला प्रशासन के अनुसार नवाबगंज वार्ड पांच जिला पंचायत सदस्य के रिक्त पद पर 1827 मतों से निशा बेगम, बिथरी चैनपुर वार्ड 59 के जिला पंचायत सदस्य पद पर 44 मतों से अनुपम विजेता रहे। क्यारा क्षेत्र पंचायत वार्ड 41 ऐना में 49 मतों से राम सुंदर शर्मा विजेता रहे। अंबरपुर में 24 मतों से मोहम्मद नासिर, शेरगढ़ बनइया में 142 मतों से सत्यवती, भदपुरा चौखंडी में 28 मतों से पुष्पा देवी प्रधान चुनी गईं।
फोटो
आरओ और सपा जिलाध्यक्ष के बीच नोकझोंक
मतगणना पूरी होने के कुछ देर बाद सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप कार्यकर्ताओं के साथ मतगणना स्थल पहुंचे। मतगणना में हेराफेरी कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने का आरोप लगाया। तर्क था कि शुरू से भाजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर था। आखिर में हेराफेरी कर उसे जीत का प्रमाणपत्र दे दिया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की बात कहकर चले गए।
मतगणना स्थल पर परखते रहे मुस्तैदी
मतगणना के दौरान अफसर भ्रमणशील रहे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बिथरी चैनपुर कन्या इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। व्यवस्थाएं चाक-चौबंद मिलीं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक आशीष कुमार समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
-
लीलौर सहसा में घोषित नहीं हुआ रिजल्ट
रामनगर। ब्लाॅक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लीलौर सहसा में ग्राम प्रधान पद पर हुए चुनाव का रिजल्ट हाईकोर्ट के स्टे आर्डर के चलते घोषित नहीं हुआ। यहां चार प्रत्याशी मैदान में हैं। एसडीएम नहने राम ने बताया कि मतगणना हो चुकी है। कोर्ट के स्टे की वजह से परिणाम की घोषणा नहीं की गई। संवाद