हेल्थ एंड वैलनेस में एकीकृत निक्षय दिवस मनाया गया ।
बरेली। क्षय रोग उन्मूलन मुहिम के तहत स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित एकीकृत निक्षय दिवस में अब क्षय रोगी सामने आने लगे हैं। पिछले दो दिन आयोजित दिवस के दौरान दस हजार से ज्यादा मरीजों की जांच में 1066 लोग टीबी संदिग्ध और इनके सैंपल की जांच में 30 लोग चपेट में मिले हैं। साथ ही, दो मरीजों में कुष्ठ रोग की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी मरीजों का इलाज शुरू कर दिया गया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. केके मिश्रा के मुताबिक प्रत्येक माह की 15 तारीख को सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर एकीकृत निक्षय दिवस आयोजित होता है। इसके तहत केंद्र पर पहुंचने वाले संदिग्ध दस फीसदी मरीजों के बलगम की जांच कराई जाती है। बताया कि इस बार 16 जनवरी को आयोजित दिवस में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में ओपीडी के दौरान 10552 मरीज पहुंचे। इनमें 1066 लोग टीबी संदिग्ध मिले। 785 मरीजों की बलगम की जांच हुई और 218 लोगों का एक्स-रे हुआ। इससे पहले 15 दिसंबर को 704 लोगों की जांच में 22 लोग टीबी के संदिग्ध मरीज मिले।
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. सुदेश कुमारी ने दिवस के दौरान ओपीडी में पहुंचे 55 मरीजों के लक्षण कुष्ठ के दिखे। इनमें से चार मरीजों को हायर सेंटर रेफर किया गया। दो कुष्ठ की चपेट में मिले। जिला पीपीएम समन्वयक विजय कुमार के मुताबिक हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से जांच केंद्र तक संभावित रोगी का बलगम पहुंचाने के लिए ट्रांसपोर्टर हैं। लक्षण के आधार ट्रैक करने के बाद जांच के जरिये रोग ट्रेस किया जाता है।