बरेली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को नीट का आयोजन शहर के 13 केंद्रों पर हुआ। परीक्षार्थियों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार परीक्षा सरल थी। भौतिक विज्ञान का भाग सबसे आसान आया।
परीक्षा दोपहर दो बजे शुरू हुई और शाम 5:20 तक चली। इसके लिए प्रवेश सुबह 11:30 से शुरू हो गया था। विद्यार्थियों को डेढ़ बजे तक प्रवेश दिया गया। इसके बाद आने वाले किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं मिला। केंद्रों पर परीक्षार्थियों को कलावा, कड़ा, बाली आदी उतारने के बाद ही प्रवेश मिला। एनटीए के सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि जिले में कुल 13 केंद्र बनाए गए थे जिसमें 8980 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 97.6 फीसदी यानी की 8760 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।
प्रश्नपत्र कुल 720 अंक का था जिसमें भौतिक, रसायन और जीव विज्ञान के कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रश्न पूछे गए। जीव विज्ञान का भाग बॉटनी और जूलॉजी में विभाजित था। अलखनाथ रोड स्थित बीबीएल से परीक्षा देकर बाहर आते परीक्षार्थियों ने बताया कि इस बार परीक्षा उम्मीद के अनुसार थी। भौतिक विज्ञान का भाग काफी आसान था। जीव विज्ञान के प्रश्न भी सरल थे, लेकिन उनको हल करने में थोड़ा ज्यादा समय लगा। वहीं, रसायन विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में मुश्किल हुई। पिछले साल सामान्य वर्ग की कटऑफ 50 प्रतिशत रही थी। वहीं, एससी, एसटी व ओबीसी की 40 फीसदी थी। साल 2022 में 720 में से सर्वाधिक अंक 715 अर्जित किए गए थे।
केंद्र पर पहुंचने में हुई देर, परीक्षा छूटी
कुछ विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र तलाशने में परेशानी हुई। रामपुर से आई इशिता गुप्ता बीबीएल स्कूल की पीलीभीत रोड वाली ब्रांच चली गईं। वहां से इस ब्रांच तक आने में उनको ज्यादा समय लग गया और वह डेढ़ बजे तक नहीं पहुंच सकी। वहीं, शाही से आए हर्ष को अपने दस्तावेजों की फोटो कॉपी कराने में देर हो गई और उन्हें परीक्षा देने को नहीं मिली।