बरेली। फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाकर नगर निगम के टेंडर लेने वाली नेचरस इंटरप्राइजेज फर्म को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया है। साथ ही, फर्म की धरोहर राशि जब्त कर ली गई है। फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए नगर निगम की ओर से एसएसपी व इंस्पेक्टर (कोतवाली) को तहरीर दी गई है।
दरअसल, नेचरस इंटरप्राइजेज नाम की फर्म ने फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाकर नगर निगम के तीन वार्डों में 73.59 लाख रुपये के सड़क और नाली निर्माण के चार टेंडर लिए थे। मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद हुई जांच में फर्जी अनुभव प्रमाणपत्र लगाने की बात सामने आई थी। नगर निगम ने जिला पंचायत समिति से मामले में रिपोर्ट मांगी तो पता चला कि फर्म जिला पंचायत में पंजीकृत ही नहीं है। फर्म ने जिन कार्यों के प्रमाणपत्र लगाए हैं, उनको दूसरी फर्मों ने कराया है। संवाद
अभिलेखों की जांच के आधार पर फर्म दोषी पाई गई है। इस लिए धरोहर राशि जब्त की गई है। फर्म को ब्लैक लिस्ट करते हुए एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। - मनीष अवस्थी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
अभी इस तरह की कोई तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - डीके शर्मा, कोतवाल