बरेली। नवाबगंज नगर पालिका अध्यक्ष शहला ताहिर की जिद की वजह से छह महीने से वेतन के लिए तरस रहे नगर पालिका के कर्मचारियों को तो आखिरकार वेतन का पैसा खातों में पहुंचने के साथ राहत मिल गई, लेकिन शहला ताहिर पर वित्तीय अधिकार छिनने की तलवार अब भी लटकी हुई है। इस बीच शहला ने अपने बचाव के लिए जोर लगाना शुरू कर दिया है। तीन दिन बाद भी शासन से डीएम के पत्र पर कोई जवाब न आने को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है। एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि चेयरमैन शहला ताहिर ने अब भले ही वेतन बिल पर साइन कर दिए हो लेकिन वित्तीय अधिकार सीज करने संबंधी डीएम की संस्तुति पर कार्रवाई होनी है। शासन से अभी कोई आदेश नहीं आए हैं।