संजीव के मुताबिक तीनों बच्चे स्कूल से दोपहर ढाई से पौने तीन बजे के बीच घर लौटते हैं। गुरुवार को भी वे इसी बीच घर लौटकर घर के खेलने लगे थे लेकिन कुछ देर बाद वह अपने काम से घर लौटे तो रेयांश और रूही कहीं नहीं दिखे। उन्होंने अपनी पत्नी और बच्चों से उनके बारे में पूछा तो वह भी कुछ नहीं बता पाए। काफी देर तलाश करने के बाद भी उनका कुछ नहीं पता चला तो साढ़े तीन बजे उन्होंने कैंट पुलिस को उनके अपहरण का अंदेशा जताते हुए सूचना दे दी।
दो बच्चों के अपहरण की सूचना से पुलिस में नीचे से ऊपर तक हलचल मच गई। कैंट पुलिस के साथ एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ फर्स्ट श्वेता यादव सदर बाजार पहुंच गईं। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो पता चला कि दोनों बच्चों को उनकी मां रजनी ले गई है। संजीव से पूछताछ के बाद पुलिस ने रजनी के कथित प्रेमी विशाल को हिरासत में लेकर रजनी के बारे में पूछताछ की लेकिन उसने उसके बारे में कोई जानकारी होने से इन्कार कर दिया। देर शाम पुलिस ने रजनी के भाई जितेंद्र को भी हिरासत में ले लिया। जितेंद्र रजनी के साथ बच्चों को मोटर साइकिल पर बैठाकर ले गया था। देर रात तक पुलिस जितेंद्र और विशाल से पूछताछ कर रही थी। इस बीच सर्विलांस टीम ने जानकारी दी कि रजनी दिल्ली पहुंच गई है।
सीसीटीवी में बाइक पर बैठकर जाती दिखी
पुलिस ने सदर बाजार के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो दोपहर लगभग डेढ़ से दो बजे के बीच रजनी दोनों बच्चों के साथ बातचीत करती दिखाई दी। अपने मुंह पर उसने कपड़ा बांध रखा था और कैमरों से भी बचने की कोशिश कर रही थी। आखिर में वह कैमरों में एक बाइक पर बच्चों के साथ बैठकर जाते हुए दिखी। बाइक सर्किट हाउस के सामने हाइडिल कॉलोनी में रहने वाला उसका भाई जितेंद्र चला रहा था।
प्रेमी बोला- साहब, दो दिन से गायब है, मेरे कागत भी ले गई
रजनी के कथित प्रेमी विशाल ने पुलिस को बताया कि रजनी दो दिन से गायब है और इस बीच उसके घर भी नहीं आई है। उसने पुलिस को बताया कि रजनी उसके कई जरूरी दस्तावेज भी अपने साथ ले गई है। वह दो दिन से उसे तलाश कर रहा है।
पति-पत्नी का विवाद है। पत्नी ढाई महीने से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। सीसीटीवी कैमरों में उसे अपने बच्चों को ले जाते हुए देखा गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। जल्द ही बच्चों को तलाश कर लिया जाएगा। -राहुल भाटी, एसपी सिटी