रिटायर्ड फौजी से ठगी करने वाला मुरादाबाद का ठग गिरफ्तार
बरेली। जमीन का फर्जी बैनामा कराकर एक रिटायर्ड फौजी से लाखों रुपये हड़पने वाले ठग को प्रेमनगर पुलिस ने सोमवार सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। ठग ने किसी और की जमीन को अपनी बताकर फौजी को बेच दिया था। प्रेमनगर थाने के शास्त्री नगर निवासी रिटायर्ड फौजी शेर सिंह ने वर्ष 2018 में मुरादाबाद के थाना मझोला निवासी उमेश कुमार और अन्य से वहीं एक प्लाट खरीदा था। शेर सिंह के मुताबिक निर्माण कार्य शुरू कराने पर आसपास के लोगों ने आपत्ति जताई थी। जांच में सामने आया था कि प्रापर्टी डीलर ने फर्जी बैनामा कराकर उनसे लाखों की जमीन हड़प ली है। आरोपी को भुगतान उन्होंने घर पर ही किया था। इसके बाद प्रेमनगर थाने में उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी उमेश को सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। थाने में उससे भुगतान की रकम और उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर उसे जेल भेज दिया गया। ब्यूरो