शेरगढ़। कस्बे के रहने वाले तीन लोगों को नौकरी का झांसा देकर ठग ने उनके खाते से करीब सात लाख रुपये निकाल लिए। एसएसपी को सौंपी शिकायत में मोहल्ला डूंगरपुर निवासी मनोज ने बताया कि 27 जून को उनके मोबाइल फोन पर अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने बताया कि वह एक कंपनी का फील्ड ऑफिसर है। गार्ड की नौकरी के लिए उसे तीन लोगों की आवश्यकता है। 19 हजार रुपये का वेतन दिया जाएगा।
मनोज ने मोहल्ले के मोहित कुमार गंगवार और छेदालाल से संपर्क किया। तीनों ने आरोपी को व्हाट्सएप पर आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज दे दिए। इसके बाद उसने एक बैंक में खाता खुलवा दिया। तीन जुलाई को आरोपी उनके पास पाया। कंपनी में वेरिफाई कराने के नाम पर उसने तीनों से बैंक की पासबुक और एटीएम कार्ड ले लिए। इसके बाद उसने मोहित के खाते से 2.16 लाख, छेदालाल के खाते से 3.15 लाख और मनोज के खाते से 2.7 लाख रुपये निकाल लिए। बैंक से संपर्क करने पर उन्हें जानकारी हुई। इसके बाद तीनों ने अपना खाता होल्ड कराया। आरोपी के नंबर पर फोन करने पर अब वह स्विच ऑफ बता रहा है।