गुलड़िया। चंडीगढ़ से मजदूरी कर घर वापस लौट रहे दो मजदूरों ने डग्गामार बस के परिचालक पर 45 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाते हुए बस को अपने गांव के निकट रोक लिया और परिचालक की जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस तीनों को थाने ले गई। इस दौरान पुलिस ने बस को थाने पर खड़ा करा लिया। उसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम की किदौना के हरीश और धर्मपाल सोमवार की शाम को चंडीगढ़ से एक डग्गामार बस से घर आने के लिए चढ़े थे। दोनों का आरोप है कि चंडीगढ़ में ही बस के परिचालक के इशारे पर तीन लोगों ने हरीश से 25 हजार और धर्मपाल से 20 हजार छीनकर उनसे मारपीट की। दोनों मजदूर उस समय तो चुपचाप बैठकर बस से आने लगे। बताते हैं कि गांव आने से पहले ही मजदूरों की सूचना पर कई ग्रामीण किदौना चौराहे पर आ गए और बस को रोक लिया। रोकते ही परिचालक वसीम को नीचे उतार कर पीटने लगे। यह देखकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। थाना प्रभारी अलीगंज जगत सिंह ने बताया कि जो लोग आ रहे थे, उनके रुपये चंडीगढ़ में ही किसी ने छीन लिए थे। वह कंडक्टर पर आरोप लगा रहे थे। उसके साथ मारपीट की गई थी। इस मामले में रात को दोनों पक्षों में फैसला हो गया है। संवाद