बरेली। जलकल विभाग, कर विभाग को पानी की पाइप लाइन और सीवर लाइनों की मोहल्ला वार जानकारी देगा। महापौर उमेश गौतम ने बताया कि जीआईएस सर्वे के बाद आ रही गड़बड़ियों को काफी हद तक दूर कर लिया गया है। अब नई समस्या सामने आ रही है। जिन मोहल्लों में पानी की पाइप लाइन व सीवर लाइनें नहीं हैं, वहां भी लोगों के गृहकर के बिलों में सीवर कर आदि जोड़ दिया गया है। दरअसल, टैक्स विभाग ने जलकल विभाग से पानी की पाइप लाइन और सीवर लाइनों की वार्ड वार सूची मांगी थी, लेकिन कई वार्ड ऐसे हैं जिनके मोहल्लों और गलियों में सीवर लाइन व पानी की पाइप लाइन नहीं हैं। ऐसे में महापौर ने मोहल्ला वार सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने कहा कि इसको लेकर वह जल्द ही जलकल और कर विभाग को पत्र भी भेजेंगे। संवाद