नवाबगंज। भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के अस्पताल का अवैध गेट बंद कराने की कार्रवाई कराने वाले कोर्ट अमीन, उनके सहयोगी और राजमिस्त्री व मजदूरों समेत 50-60 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अस्पताल के मैनेजर ने इसमें कोर्ट अमीन व अन्य लोगों पर अस्पताल की बिजली कटवाने का आरोप लगाया है।
हाईकोर्ट के आदेश पर सोमवार को विधायक डॉ. एमपी आर्य के अस्पताल के अवैध गेट को सीओ नवाबगंज चमन सिंह चावड़ा, एसडीएम फरीदपुर पारुल तरार ने भारी पुलिस फोर्स और पीएसी की मौजूदगी में बंद कराया था। कोर्ट की ओर से इस कार्रवाई को पूरा कराने के लिए अमीन राकेश गंगवार और उनके सहयोगी अरविंद कुमार पहुंचे थे। उन्होंने अपने सामने गेट बंद करने के लिए यहां दीवार खड़ी कराई थी।
विधायक के अस्पताल के मैनेजर पंकज कुमार ने इस कार्रवाई के बाद पुलिस को कोर्ट अमीन के खिलाफ दी तहरीर में निर्माण के दौरान साजिश के तहत दीवार के पास से गुजर रही बिजली की केबल लाइनमैन को बुलाकर कटवा देने का आरोप लगाया था। मैनेजर के मुताबिक बिजली कटने से अस्पताल में भर्ती कई मरीजों की हालत बिगड़ गई। आईसीयू में भर्ती सुरजीत को दूसरे अस्पताल रेफर करना पड़ा। आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने विरोध किया तो आरोपियों ने गालीगलौज और हाथापाई करते हुए जान से मारने की धमकी दी।